माले: भारत की अंडर-20 पुरुष फुटबॉल टीम ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत करते हुए गुरुवार को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 3-0 से धूल चटा दी। माले के नेशनल फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में भारत के लिए ओमांग डोडुम ने दो गोल दागे।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सैफ अंडर-20 फुटबॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है जबकि हार के पाकिस्तान का टूर्नामेंट से बोरिया-बिस्तर बंध गया है।
चार बार की चैंपियन ‘ब्लू कोल्ट्स’ के नाम से मशहूर भारतीय टीम के लिए विशाल यादव ने तीसरे मिनट में ही पहला गोल दाग दिया। इसके बाद ओमांग डोडुम ने गोल किए। पहले हाफ में 1-0 की लीड लेने के बाद दूसरे हाफ में ओमांग डोडुम ने अपना दबदबा बनाया और 64वें मिनट में अपना पहला तथा 88वें मिनट में दूसरा तथा भारत का तीसरा गोल करके स्कोर को 3-0 कर दिया। डोडुम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारतीय टीम ने अब तक 2019, 2022, 2023 और 2025 में खिताब जीता है और अब उसकी कोशिश पांचवीं बार चैंपियन बनने पर है। भारत और पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ ग्रुप बी में रखा गया है। भारतीय टीम अपना दूसरा मुकाबला 28 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा।
—



















