नई दिल्ली: भारतीय गोल्फ संघ (IGU), जो युवा मामले एवं खेल मंत्रालय (MYAS) और अंतर्राष्ट्रीय गोल्फ महासंघ (IGF) से मान्यता प्राप्त है, प्रतिष्ठित क्वीन सिरिकिट कप (Queen Sirikit Cup) में प्रतिस्पर्धा करने के लिए अपने तीन सदस्यीय भारतीय दल इंडोनेशिया भेजेगा। यह टूर्नामेंट इंडोनेशिया के बोगोर स्थित सेंटुल हाइलैंड्स गोल्फ क्लब में 12 से 15 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी।
यह टूर्नामेंट एशिया-पैसिफिक गोल्फ कॉन्फेडरेशन (APGS) और द रॉयल एंड एंशिएंट (जो गोल्फ के नियमों के लिए वर्ल्ड गवर्निंग बॉडी है) के सहयोग से आयोजित हो रहा है। टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया सहित कुल 15 देश अपनी चुनौती पेश करेंगे। इनमें ऑस्ट्रेलिया, चीन, चीनी ताइपे, हांगकांग, भारत, इंडोनेशिया, जापान, मलेशिया, म्यांमार, न्यूजीलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम भी शामिल है।
2025 लेडीज ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन गुंतास कौर संधू इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय दल की नेतृत्व करेंगी। उन्होंने हाल में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। चंडीगढ़ की इस गोल्फर ने 2025-26 आईजीयू सीजन में 20 मुकाबलों में से छह में शानदार जीत हासिल की है और 17 बार शीर्ष-10 में स्थान प्राप्त की हैं।
संधू ने हाल में अप्रैल में आयोजित आईजीयू पश्चिम बंगाल लेडीज एंड जूनियर गर्ल्स चैंपियनशिप में लेडीज और संयुक्त ए और बी कैटेगरी का खिताब जीता है। संधू के अलावा भारतीय दल की अन्य सदस्यों में हरियाणा की सीरत कांग और दिल्ली की कीया बडुगु शामिल हैं। वंदना अग्रवाल को इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय दल की मैनेजर नियुक्त किया गया है।
गुंतास संधू इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग लेने को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रही हैं। उन्होंने इस पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ” इस टूर्नामेंट में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। क्वीन सिरिकिट कप एमेच्योर गोल्फ में एक प्रतिष्ठित टीम इवेंट है। यह मेरे करियर का एक अहम पड़ाव है क्योंकि इससे मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने, कड़ी मेहनत करने, ध्यान केंद्रित रखने और अपने खेल में सुधार करने का मौका मिलेगा। आईजीयू ने मेरे खेल को सुधारने में बहुत मदद की है।”
क्वीन सिरिकिट कप को आधिकारिक तौर पर एमेच्योर लेडीज एशिया-पैसिफिक इनविटेशनल गोल्फ टीम चैंपियनशिप के नाम से जाना जाता है। इसका नाम थाईलैंड की पूर्व रानी के नाम पर रखा गया था। टूर्नामेंट का उद्घाटन 1979 में हुआ था और भारत ने नौ देशों के इस टूर्नामेंट के पहले संस्करण से ही इसमें भाग लिया था। साल 2023 में, अवनी प्रशांत ने क्वीन सिरिकिट कप में व्यक्तिगत खिताब जीतकर 43 वर्षों के सूखे को समाप्त किया था।
15 वर्षीय युवा खिलाड़ी संधू ने कहा, ” साल 2023 में अवनी प्रशांत की जीत मेरे लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत है। एक भारतीय गोल्फर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करते देखना मुझे प्रेरणा देता है और यह विश्वास दिलाता है कि मैं भी ऐसा कर सकती हूं।”
54 होल में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में तीन खिलाड़ियों की टीमें हिस्सा लेती हैं और प्रतिदिन के सर्वश्रेष्ठ दो स्कोर गिने जाते हैं। विजेता टीम को आर एंड ए गर्ल्स एमेच्योर में एंट्री मिलती है।
19 वर्षीय हरियाणा की सीरत ने टूर्नामेंट में भाग लेने को लेकर कहा कि इस तरह के आयोजन से उन्हें अपने ‘कंफर्ट जोन’ से बाहर निकलने और अलग-अलग जगहों पर उन्हें अपनी प्रतिभा को दिखाने में मदद करते हैं।
उन्होंने कहा, ” क्वीन सिरिकिट कप में भाग लेने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। यह कुछ ऐसा है जिसका मुझे हमेशा से इंतजार था। इससे मुझे अलग-अलग परिस्थितियों, अलग-अलग मैदानों और सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने में मदद मिलती है। मैं आईजीयू को धन्यवाद देना चाहूंगी क्योंकि उन्होंने मेरे पूरे गोल्फ करियर में मेरा मार्गदर्शन किया है और मेरे खेल को बेहतर बनाने में मेरी मदद की है।”
इस आयोजन को अपने करियर का एक ‘खास’ पल बताते हुए 19 वर्षीय दिल्ली की कीया बडुगु ने कहा, ” यह दूसरी बार है जब मैं भारतीय दल के साथ खेलूंगी। इंडियन जर्सी पहनना और एक ऐतिहासिक टूर्नामेंट में अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करना एक खास अनुभव है। इस इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए मुझे भेजने और विभिन्न आयोजनों और परिस्थितियों का आवश्यक अनुभव प्रदान करने के लिए मैं आईजीयू की बहुत आभारी हूं।”
क्वीन सिरिकिट कप कई शीर्ष अंतरराष्ट्रीय पेशेवर गोल्फरों जैसे मिंजी ली, हन्ना ग्रीन, सारा केम्प, फियोना सू, अथैया थिटिकुल, सियो क्यो-रिम और अन्ना पार्सन्स के लिए एक लॉन्च पैड रहा है।


















