अहमदाबाद: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में एक और बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। कोहली ने गुरुवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ खेले जा रहे आईपीएल 2026 ते 42वें मैच में दूसरे ओवर में पांच चौके लगाए। कोहली ने कगिसो रबाडा के ओवर में यह कारनामा किया।
इसके साथ ही विराट अब बेंगलुरु के लिए एक ओवर में सर्वाधिक चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से ‘नंबर-1’ बन गए हैं। उन्होंने क्रिस गेल और शेन वॉटसन की बराबरी कर ली। क्रिस गेल ने साल 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ ईश्वर पांडे के एक ही ओवर में 5 चौके लगाए थे, जबकि शेन वॉटसन ने साल 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के विरुद्ध थिसारा परेरा के खिलाफ ऐसा किया था।
इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आ रहे कोहली ने गुरुवार को जीटी के खिलाफ 13 गेंदों का सामना करते हुए 28 रन बनाए। इस पारी में 1 छक्का और 5 चौके शामिल थे। उन्हें रबाडा ने राशिद खान के हाथों कैच आउट कराया।
किंग कोहली आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वह इस सीजन में 9 पारियों में 54.14 की औसत के साथ 379 रन बना चुके हैं। इनमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। कोहली ने इस सीजन 69, 28, 32, 50, 49, 19, 81, 23 और 28 रन की पारियां खेली हैं।















