बेंगलुरु: डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपने खिताब बचाओ अभियान की विजयी शुरुआत करते हुए शनिवार को अपने घर एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हरा दिया।
SRH ने पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 201 रन का स्कोर बनाया, जिसे RCB ने 15.4 ओवर में ही 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। बेंगलुरु के लिए देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिये सिर्फ 45 गेंद में 101 रन की साझेदारी करके टीम को आसान जीत दिला दी। जितेश शर्मा शून्य पर आउट हुए। टिम डेविड 10 गेंद पर 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे पड्डिकल ने मात्र 26 गेंदों पर 4 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 61 रन की पारी खेली। विराट ने 38 गेंद में नाबाद 69 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंद में 31 रन बनाये । कोहली ने आखिर में 16वें ओवर में हर्षल की चार गेंदों पर छक्का और तीन चौके लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया ।
इससे पहले कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन के 38 गेंद में 80 रन की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने नौ विकेट पर 201 रन बनाये।
ईशान ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाये । उन्होंने चौथे विकेट के लिये हेनरिच क्लासेन (31) के साथ 97 रन की साझेदारी की ।
आरसीबी के लिये जैकब डफी ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिये । न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने अपने कद का पूरा इस्तेमाल करते हुए बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। अनिकेत वर्मा ने 19 गेंद में 43 रन बनाये जिन्हें भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विराट कोहली ने 26 के स्कोर पर जीवनदान दिया था।
—



















