नई दिल्ली, 24 अप्रैल 2026: राजधानी दिल्ली के द्वारका स्थित सीसीआरटी ऑडिटोरियम में 25 एवं 26 अप्रैल 2026 को आयोजित होने जा रहा ‘रॉयल समर्पण 6.0’ एक अनूठा आयोजन है, जो खेल, भारतीय शास्त्रीय नृत्य और समाज के अनसुने नायकों को सम्मानित करने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान ऑल इंडिया ओपन आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही, भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करते हुए भरतनाट्यम और कथक जैसे शास्त्रीय नृत्य भी प्रस्तुत की जाएंगी।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण ‘सीता समर्पण सम्मान’ होगा, जिसके माध्यम से समाज में योगदान देने वाले माता-पिता, मार्गदर्शक (मेंटर्स) और समाजसेवी व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन लोगों को समर्पित है, जो बिना किसी अपेक्षा के समाज और आने वाली पीढ़ियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘सीता समर्पण सम्मान’ के लिए नामांकन जारी है। इसमें योग्य व्यक्तियों को नामांकित किया जाएगा।
IFA अवॉर्ड्स का भी होगा आयोजन
कार्यक्रम के अंतिम दिन 26 अप्रैल को आईएफआई अवार्ड्स 2026 का आयोजन किया जाएगा। इन्फ्लुएंसर फेस्टिवल ऑफ इंडिया नामक यह कार्यक्रम भारत में रचनाकारों, डिजिटल स्टार्स और इमर्जिंग टैलेंट का सबसे बड़ा उत्सव है।
परवीन डबास और प्रीति झंगियानी होंगे चीफ गेस्ट
इस भव्य आयोजन में प्रसिद्ध अभिनेता परवीन डबास और प्रीति झंगियानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जिनकी उपस्थिति कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाएगी। रॉयल समर्पण 6.0 का उद्देश्य खेल, कला और सामाजिक योगदान को एक मंच पर लाकर समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करना है।

















