मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 41वां मैच मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुंबई इंडियंस ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर खेल रहे हैं।
मुंबई इंडियंस ने यह कदम अपने सपोर्ट स्टाफ के एक सदस्य की बेटी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करने और एकजुटता दिखाने के लिए उठाया।
फ्रेंचाइजी ने एक बयान में कहा, “हमारे सपोर्ट स्टाफ की बेटी के आकस्मिक निधन के कारण, मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी आज परिवार की याद और उनके साथ एकजुटता दिखाने के लिए काली पट्टी बांधेंगे।”
मुंबई इंडियंस के सीनियर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टीम से बाहर हैं। मुंबई इंडियंस ने अब तक अपने 7 में से सिर्फ दो ही मैच जीते हैं। यह टीम आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर मौजूद है। प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए उन्हें अपनी किस्मत बदलने की सख्त जरूरत है।
दूसरी तरफ, सनराइजर्स हैदराबाद 8 में से 5 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है। इस टीम ने अपने पिछले 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। एसआरएच की कोशिश जीत के सिलसिले को जारी रखने की होगी।















