हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने एक बार फिर से प्रफुल हिंगे की शानदार गेंदबाजी के दम पर आईपीएल 2026 के 27वें मैच में अपने घर में चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रन से हरा दिया। हैदराबाद ने पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 194 रन का स्कोर बनाया और फिर चेन्नई को 8 विकेट पर 184 रन पर रोक दिया।
हैदराबाद की छह मैचों में यह तीसरी जीत है और अब वो अंकतालिका में चौथे नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स को छह मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है।
चेन्नई को जीत के लिए अंतिम ओवर में 18 रनों की दरकार थी और उसके पास तीन विकेट शेष थे। हैदराबाद ने गेंद प्रफुल हिंगे को थमा दी। हिंगे ने इस ओवर में एक विकेट लेकर चेन्नई को जीत से दूर कर दिया और हैदराबाद को एक बार फिर से रोमांचक जीत दिला दी।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मैथ्यू शॉर्ट ने सबसे ज्यादा 34, आयुष म्हारात्रे ने 30, सरफराज खान ने 25, शिवम दुबे ने 21 और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 19 रन बनाए।
हैदराबाद के लिए ईशान मलिंगा ने तीन, नीतीश कुमार रेड्डी ने दो और साकिब हुसैन, शिवांग कुमार तथा प्रफुल हिंगे ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले, एसआरएच ने 20 ओवर में 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 194 रन लगाए। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 5.5 ओवर में 75 रन जोड़े। अभिषेक आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए और उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
अभिषेक ने 22 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। हालांकि, हेड लय में दिखाई नहीं दिए और वह रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए। हेड ने 20 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 23 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन को मुकेश चौधरी ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा।
हेनरिक क्लासेन ने अपनी शानदार फॉर्म को इस मैच में भी जारी रखा और 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। क्लासेन एक छोर को संभालकर खड़े रहे। उन्होंने 39 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। साहिल अरोड़ा ने 13 रन बनाए, जबकि शिवांग कुमार ने 12 रनों का योगदान दिया।
CSK के लिए अंशुल कंबोज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, जेमी ओवरटन ने भी एसआरएच के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। मुकेश चौधरी ने 2 और गुरजपनीत सिंह ने एक विकेट निकाला।















