अहमदाबाद: शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस (GT) गुरुवार को जब यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 के 42वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की मेजबानी करेगी तो उसकी कोशिश इस सीजन में बेंगलुरु से मिली पिछली हार का बदला चुकता करने की होगी।
गुजरात और बेंगलुरु इस सीजन के 34वें मैच में जब एक-दूसरे से भिड़ी थी तो एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में विराट कोहली की टीम ने गिल की टीम को पांच विकेट से हरा दिया था। गुजरता ने तीन विकेट पर 2025 रन का स्कोर बनाया था, जिसे बेंगलुरु ने कोहली की शानदार पारी के दम पर सात गेंद शेष रहते ही पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया था। उस मैच में कोहली ने 33 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्कों की मदद से 81 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी।
आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की टीम आठ मैचों में चार जीत और चार हार के साथ अंक तालिका में आगे बढ़ने के लिए संघर्ष कर रही है। दूसरी तरफ मौजूदा चैंपियन आरसीबी शानदार फॉर्म में है और उसने आठ मैचों में से छह में जीत दर्ज की है। आरसीबी अभी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
आरसीबी की तरफ से उसके तेज गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार और जोश हेज़लवुड ने मिलकर कहर बरपाया है। जहां भुवनेश्वर ने अपनी शानदार स्विंग से पुराने दिनों की याद दिला दी है, वहीं हेज़लवुड ने टेस्ट मैच के स्तर की गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान किया है। वह बल्ले के बाहरी किनारे को लक्ष्य बनाकर गेंदबाजी कर रहे हैं।
गुजरात टाइटंस की टीम शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर अधिक निर्भर है। उसके चोटी के तीन बल्लेबाजों साई सुदर्शन, कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर ने एक बार फिर अधिकतर रन बनाए हैं। वाशिंगटन सुंदर ने मध्य क्रम में अपनी काबिलियत साबित की है, जबकि शाहरुख खान और राहुल तेवतिया जैसे फिनिशर अभी तक कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए हैं।
टीम:
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, अरशद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, एम शाहरुख खान, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया, राहुल तेवतिया।
आरसीबी: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल।















