हैदराबाद: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन में इस बार जमकर रिकॉर्ड टूट रहे हैं। सीजन के 41वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट पर 243 रन का स्कोर बनाया, जिसे हैदराबाद ने आठ गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। आईपीएल 2026 में तो 200 या उससे बड़ा लक्ष्य हासिल करने का नया रिकॉर्ड बन गया है।
IPL में बना नया रिकॉर्ड
मुंबई की टीम 243 रन बनाने के बाद भी हार गई। इससे पहले अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स को 264 रन बनाने के बावजूद पंजाब किंग्स से हार का सामना करना पड़ा था। ये दो मैच बस उदाहरण हैं। आईपीएल 2026 में ऐसा 10 बार हुआ है जब दूसरी पारी में 200 या उससे ज्यादा का लक्ष्य हासिल करते हुए टीमों ने जीत हासिल की है। यह आईपीएल का नया रिकॉर्ड है।
इससे पहले किसी भी सीजन में 10 बार 200 या उससे अधिक का लक्ष्य हासिल नहीं हुआ था। आईपीएल 2026 का लगभग आधा सीजन बाकी है। ऐसे में 200 या उससे बड़े लक्ष्य को हासिल करने वाली संख्या बढ़ती सकती है। पुराना रिकॉर्ड 18वें सीजन (आईपीएल 2025) में बना था, जब टीमों ने 9 बार 200 या उससे अधिक का लक्ष्य हासिल किया था।
आईपीएल 2026 में 200 या उससे अधिक का लक्ष्य हासिल करने वाली टीमों में आरसीबी (2 बार), मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स (3 बार), राजस्थान रॉयल्स (2 बार), और एसआरएच (2 बार) का नाम शामिल है।
पंजाब किंग्स के नाम है सबसे बड़ा रिकॉर्ड
आईपीएल में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम है। पंजाब ने इसी साल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 का लक्ष्य हासिल किया है, जो आईपीएल का रिकॉर्ड है। दूसरे नंबर पर भी पंजाब ही है। आईपीएल 2024 में पंजाब ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 का लक्ष्य हासिल किया था।
तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर एसआरएच है। एसआरएच ने 2025 में पंजाब के खिलाफ 246, 2026 में मुंबई के खिलाफ 244 और 2026 में ही राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 229 का लक्ष्य हासिल किया है।















