मुंबई: ट्रेविस हेड, हेनरिक क्लासेन और अभिषेक शर्मा की दमदार पारियों के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के 41वें मैच में बुधवार को मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से करारी मात दे दी। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट पर 243 रन का स्कोर बनाया, जिसे हैदराबाद ने आठ गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
सनराइजर्स हैदराबाद की नौ मैचों में यह छठी जीत है और टीम अब 12 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल के इतिहास की यह 100वीं जीत है। मुंबई इंडियंस को आठ मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा है।
मुंबई इंडियंस से मिले 244 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को अभिषेक शर्मा (45) और ट्रेविस हेड (76) ने पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी हैदराबाद को तूफानी शुरुआत दिलाई। अभिषेक 24 गेंदों पर चार चौके और तीन छ्क्के लगाकर आउट हुए। उनके बाद ईशान किशन (0) भी खाता खोले बिना आउट हो गए। दोनों को अल्लाह गजनफर ने आउट किया।
हैदराबाद ने फिर 133 के स्कोर पर हेड का विकेट खो दिया। हेड 30 गेंदों पर चार चौके और आठ छक्के लगाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद हेनरिक क्लासेन (नाबाद 65) ने नितिश रेड्डी (21) के साथ 40 गेंदों पर 80 रनों की साझेदारी करके हैदराबाद को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया।
रेड्डी के आउट होने के बाद क्लासेन डटे रहे और उन्होंने इस सीजन का चौथा अर्धशतक पूरा करने के बाद हैदराबाद को 6 विकेट से बड़ी जीत दिला दी। क्लासेन 30 गेंदों पर सात चौके और चार छक्के लगाकर नाबाद लौटे। सलिल अरोड़ा ने भी 10 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 30 रनों की नाबाद पारी खेली।
मुंबई इंडियंस के लिए गजनफर के दो विकेट के अलावा ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट हासिल किए।
इससे पहले, रयान रिकेल्टन के तूफानी शतक की मदद से मुंबई इंडियंस (एमआई) ने 5 विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर बनाया।
वानखेड़े स्टेडियम में विल जैक्स और रयान रिकेल्टन की सलामी जोड़ी ने 43 गेंदों में 93 रन की साझेदारी की। जैक्स 22 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए। फिर रिकेल्टन ने सूर्यकुमार यादव के साथ दूसरे विकेट के लिए 8 गेंदों में 17 रन जुटाए। सूर्या 5 गेंदों में 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 1 चौका शामिल रहा।
मुंबई इंडियंस ने 8.3 ओवरों में 110 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रिकेल्टन ने नमन धीर के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 55 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी। नमन 17 गेंदों में 3 चौकों के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए।
रिकेल्टन ने हार्दिक पांड्या के साथ 27 गेंदों में 56 रन जोड़कर टीम का दोहरा शतक पूरा कराया। कप्तान पांड्या 15 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 31 रन बनाकर आउट हुए। रयान रिकेल्टन 55 गेंदों में 10 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 123 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी की मदद से एमआई ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 243 रन बनाए।















