मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 24वां मैच गुरुवार को पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच में सबकी नजरें मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा पर रहने वाली है।
रोहित रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ पिछले मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण रोहित लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रोहित प्लेइंग-11 का हिस्सा बन पाते हैं या नहीं।
मुंबई इंडियंस को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके लिए कुछ खिलाड़ियों की गैर मौजूदगी जिम्मेदार नहीं है बल्कि टीम का अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाना है।
मुंबई ने आईपीएल 2026 में अपना पहला मैच जीता था, जोकि पिछले 13 सत्र में सीजन की उसकी पहली जीत थी। हालांकि उसके बाद टीम जीत की पटरी से नीचे उतर चुकी है और लगातार मैच हार रही है। गेंदबाजी में जहां जसप्रीत बुमराह को अब तक चार मैचों में एक भी विकेट नहीं मिल पाया है तो वहीं बल्लेबाजी में भी मुंबई इंडियंस ने पावरप्ले का पूरा फायदा नहीं उठा पाया है।
सूर्यकुमार ने एक अर्धशतक लगाया है लेकिन तिलक ने अब तक 20, 00, 14 और 01 रन ही बनाए हैं। टी20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने वाले इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स की अनुपलब्धता मुंबई इंडियंस के लिए एक और समस्या है। मुंबई के दोनों स्पिनर मयंक मार्कंडे और मिचेल सैंटनर को हर बार अपनी लेंथ से भटकने के कारण नुकसान उठाना पड़ा।
वहीं, दूसरी तरफ श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स की टीम विजय रथ पर सवार है और मुंबई के लिए उसे हराना आसान नहीं होगा। पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों में प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की जोड़ी खतरनाक नजर आ रही है, जबकि अय्यर के आत्मविश्वास और कूपर कोनोली के आने से उसकी टीम और भी मजबूत हो गई है।
पंजाब किंग्स की गेंदबाजी की बात करें तो उसके मुख्य गेंदबाज अर्शदीप सिंह अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने अब तक खेले गए चार मैचों में 84 गेंदों पर 149 रन लुटाए हैं और केवल दो विकेट ही लिए हैं।
टीम इस प्रकार हैं:
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, अथर्व अंकोलेकर, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, एएम गजनफर, मयंक मार्कंडे, मो. इज़हार, रघु शर्मा।
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, पायला अविनाश, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), विष्णु विनोद (विकेटकीपर), नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, कूपर कोनोली, मार्को यानसन, मुशीर खान, मिशेल ओवेन, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, प्रवीण दुबे, बेन द्वारशुइस, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विशाल निशाद, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर।















