रायपुर: वेटलिफ्टर निकिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां जारी खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के चौथे दिन मेजबान छत्तीसगढ़ के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतकर इंतजार खत्म किया, जबकि तैराकी स्पर्धाओं के अंतिम दिन ओडिशा की महिला तैराकों ने सभी तीन स्वर्ण पदक अपने नाम कर दबदबा कायम रखा। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के चौथे दिन शनिवार को यह मुकाबले खेले गए।
महिला 77 किलोग्राम वर्ग में निकिता ने पूरी तरह से एकतरफा प्रदर्शन करते हुए दिन के अंतिम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय के ओपन ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में 20 वर्षीय निकिता ने कुल 160 किलोग्राम वजन (स्नैच में 70 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 90 किग्रा) उठाया, जो दूसरे स्थान पर रहीं ओडिशा की श्रीमति जानी (126 किग्रा) से 34 किलोग्राम अधिक था। असम की जॉयश्री पातिर ने 118 किलोग्राम के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
निकिता ने साई मीडिया से कहा,” यह मेरे लिए बहुत खास पल है क्योंकि यह खेलो इंडिया में मेरा पहला स्वर्ण पदक है। मैंने पूरे साल इन खेलों की तैयारी की थी और वेट-इन के समय ही मुझे विश्वास हो गया था कि मैं स्वर्ण जीतूंगी।”
तैराकी में चार रजत और तीन कांस्य पदक जीत चुके छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमी स्वर्ण का इंतजार कर रहे थे और निकिता ने अपने दमदार प्रदर्शन से उनकी उम्मीदों को पूरा किया।
तैराकी स्पर्धाओं में ओडिशा की महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रितिका मिंज ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल, अंजलि मुंडा ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक, जबकि ओडिशा की टीम ने 4×100 मीटर मेडले रिले में स्वर्ण पदक जीता। अंजलि मुंडा ने कुल पांच स्वर्ण पदक जीते, जिनमें से चार व्यक्तिगत स्पर्धाओं में आए।
शनिवार को पदक तालिका में अरुणाचल प्रदेश ने भी लंबी छलांग लगाई। पुरुष वेटलिफ्टिंग में उन्होंने दोनों स्वर्ण पदक जीतकर शीर्ष तीन में जगह बनाने की अपनी दावेदारी मजबूत की। रूबा ताडू ने 88 किलोग्राम वर्ग में कुल 274 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि लालू ताकू ने 94 किलोग्राम वर्ग में 250 किलोग्राम के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
पदक तालिका में कर्नाटक 15 स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। ओडिशा सात स्वर्ण, तीन रजत और 10 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि असम चार स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है। मेजबान छत्तीसगढ़ आठ पदकों (एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य) के साथ सातवें स्थान पर है।
महिला 69 किलोग्राम वर्ग में असम की डिम्पी सोनवाल ने 155 किलोग्राम के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि पल्लवी पायेंग (131 किग्रा) ने रजत पदक अपने नाम किया।
तैराकी में असम के भाई-बहन निबिर क्रो और वायोलिना क्रो के लिए यह दिन खास रहा। निबिर ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में 31.31 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता और कर्नाटक के धनीश एन (31.39 सेकंड) को पीछे छोड़ा। वहीं वायोलिना ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल में 1:16.62 सेकंड के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में ओडिशा की रितिका मिंज (1:12.93 सेकंड) और कृष्णा प्रिया नायक (1:15.77 सेकंड) ने क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीते।
कर्नाटक ने तैराकी स्पर्धाओं का समापन 15 स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदकों के साथ किया। कर्नाटक के मणिकांत एल ने आठ स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि धनीश एम ने पांच स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए। महिला वर्ग में मेघांजली ने चार स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते।
—















