अहमदाबाद: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 25वां मुकाबला शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेला रहा है। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में हो रहे इस मुकाबले में कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन का स्कोर बनाया।
इस मैच में गुजरात टाइटंस के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने खास उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 300 कैच पूरे कर लिए हैं। बटलर टी20 क्रिकेट में 300 कैच लेने वाले महज चौथे खिलाड़ी और दूसरे विकेटकीपर बने हैं। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सर्वाधिक कैच लेने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर कीरोन पोलार्ड के नाम दर्ज है। पोलार्ड ने टी20 में 405 कैच पकड़े हैं।
वहीं, इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर डेविड मिलर का नाम है, जिन्होंने 332 कैच लिए हैं, जबकि क्विंटन डी कॉक 316 कैच के साथ सूची में तीसरे नंबर पर काबिज हैं। केकेआर की पारी के दौरान रबाडा की गेंद पर अंगकृष रघुवंशी का कैच पकड़ने के साथ ही बटलर ने यह खास मुकाम हासिल किया।
KKR ने बनाए 180 रन
कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस मैच में 180 रन का स्कोर बनाया है। कैमरून ग्रीन ने लय में वापसी करते हुए 79 रनों की जुझारू पारी खेली। केकेआर की शुरुआत खराब रही और टीम ने पहले चार ओवरों में ही तीन विकेट गंवा दिए।
कैगिसो रबाडा (29 रन पर तीन विकेट) और मोहम्मद सिराज (23 रन पर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी जोड़ी ने नई गेंद से कहर बरपाते हुए शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया, जबकि अशोक शर्मा (45 रन पर दो विकेट) और प्रसिद्ध कृष्णा (32 रन पर एक विकेट) ने अच्छा साथ दिया।
ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला ग्रीन ने शुरुआती झटकों के बाद पारी को संभाला और 55 गेंदों में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 79 रन बनाए। उन्होंने रोवमैन पॉवेल (27) के साथ चौथे विकेट के लिए 55 रन और अनुकूल रॉय (नौ) के साथ पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की।
ग्रीन ने खासतौर पर राशिद खान के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए पांच चौके और चार छक्के जड़े, हालांकि अफगान स्पिनर ने पारी की आखिरी गेंद पर उन्हें विकेटकीपर के हाथों कैच करा दिया।















