नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में शनिवार को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना अपने घर में दिल्ली कैपिटल्स से होना है। बेंगलुरु ने इस सीजन में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और पांच में से चार मुकाबले जीते हैं। वहीं, दूसरी तरफ दिल्ली ने अब तक चार में से दो मैच जीते हैं और दो हारे हैं। दिल्ली के ऑलराउंडर विप्रज निगम अगले मैच के बेहद उत्साहित हैं।
निगम ने आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स की खेलते हुए इस लीग में अपना डेब्यू किया था। वह गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही क्षेत्रों में टीम के लिए उपयोगी अंशदान देते हैं। विप्रज निगम ने ‘जियोस्टार प्रेस रूम’ में बात करते हुए डीसी के अब तक के सीजन, एक खिलाड़ी के तौर पर अपने सुधारों और विराट कोहली के खिलाफ अपनी रणनीति पर बात की।
विप्रज ने कहा, ” बहुत सारे बदलाव हैं जो मैं देख सकता हूं। मैंने उत्तर प्रदेश के लिए पूरा घरेलू सीजन खेला और भारत ए के मैच भी खेले। पिछले साल आईपीएल से जो सीखा, उसे मैं घरेलू क्रिकेट में वापस ले गया। इंडिया ए एक और बहुत बड़ा सीखने का अनुभव था और एक नए ड्रेसिंग रूम, कुछ नए खिलाड़ियों और भारत के कुछ शीर्ष खिलाड़ियों के साथ अच्छा अनुभव मिला जो पहले से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे थे। उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना, कुछ नई स्किल्स सीखना और अपने स्किल में कुछ और जोड़ने की कोशिश करना एक अच्छा अनुभव था।”
DC के पास केएल राहुल, पथुम निसांका, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर और नीतीश राणा जैसे कुछ अनुभवी बल्लेबाज हैं, लेकिन उनमें से कोई भी अब तक लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। दिल्ली अभी चार अंकों के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है।
युवा ऑलराउंडर ने अक्षर पटेल की कप्तानी वाली टीम के अंदर माहौल के बारे में बात करते हुए कहा, ” अक्षर पटेल, केएल राहुल, और पूरा कोचिंग स्टाफ मुझे कभी ऐसा नहीं लगा कि कोई मेरे साथ ऐसा बर्ताव कर रहा है जैसे मैं अनुभवहीन हूं या मुझमें स्किल्स की कमी है। पिछले साल से अब तक, मैंने जितने भी मैच खेले हैं, सभी ने हमेशा मेरा साथ दिया है और मुझे दबाव की स्थिति में कैसे रिएक्ट करना है और गेम में ज्यादा शामिल कैसे रहना है, यह सीखने में मदद की है।”
उन्होंने पिछले सीजन में विराट कोहली का विकेट लेने पर कहा, “पिछले सीजन से पहले भी, मैंने विराट कोहली का विकेट लेने की इच्छा जताई थी, और अगले ही गेम में यह हो गया। यह एक सपना सच होने जैसा था। मैं मैच के बाद विराट भाई से मिलने गया और उनसे पूछा कि मैं अपनी गेंदबाजी और अपने ऑल-राउंड गेम में और क्या जोड़ सकता हूं, क्योंकि हम सब जानते हैं कि हर साल गेम कैसे बदल रहा है।”
(इनपुट: एजेंसी)















