न्यू चंडीगढ़: पंजाब किंग्स (PBKS) के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने रविवार को आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 93 रनों की धमाकेदार पारी खेली। 37 गेंदों की अपनी पारी में प्रियांश ने 4 चौके और 9 छक्के लगाए। उन्होंने कूपर कोनोली के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रनों की शानदार साझेदारी निभाई।
पंजाब किंग्स को मिली जीत के बाद प्रियांश आर्या ने कहा कि पावरप्ले के बाद बल्ले से योगदान देकर उन्हें काफी अच्छा लगा। भले ही प्रियांश अपने शतक से चूक गए, लेकिन उनकी शानदार बल्लेबाजी के बूते पंजाब किंग्स इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 254 रन लगाए।
प्रियांश ने मैच के बाद कहा, ” पावरप्ले के बाद इस मुकाबले में मैंने टीम के लिए योगदान दिया और यह मेरे लिए बहुत खास था। मैं छक्के मारने की प्रैक्टिस नहीं करता, बल्कि मैं गेंद को सही समय पर हिट करने की कोशिश करता हूं। मैं मैदान के बीच में बहुत ज्यादा सोच-विचार नहीं करता, क्योंकि इससे मेरा दिमाग शांत रहता है। मैंने पॉइंट के ऊपर से एक शॉट खेला; यह मेरा पसंदीदा शॉट है।”
255 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी। ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 43 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि एडेन मार्करम ने 22 गेंदों में 42 रन बनाए। हालांकि, पंत और मार्करम अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके।















