अहमदाबाद: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने आईपीएल में अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। चक्रवर्ती ने आईपीएल 2026 के 25वें मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इन दो विकेट के साथ उन्होंने आईपीएल में कोलकाता के लिए वो कमाल कमाल कर दिया, जोकि टीम का अब तक कोई भी गेंदबाज नहीं कर पाया है।
मैच में दो विकेट लेकर चक्रवर्ती ने भले ही अपने नाम बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली हो, लेकिन इस सीजन में उनकी टीम का बुरा हाल है। केकेआर को इस सीजन में अब तक एक भी जीत नहीं मिली है जबकि वो छह मैच खेल चुकी है। शुक्रवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उसे गुजरात टाइटंस (GT) ने 5 विकेट से हरा दिया।
केकेआर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन का स्कोर बनाया, जिसे गुजरात ने दो गेंद शेष रहते पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 86 रनों की पारी खेली। उन्होंने 50 गेंदों पर 8 चौके और चार छक्के लगाए। उनके अलावा साई सुदर्शन ने 22, जोस बटलर ने 25, ग्लेन फिलिप्स ने 19 और वॉशिंगटन सुंदर ने 13 रन बनाए।
चक्रवर्ती बने पहले भारतीय
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। चक्रवर्ती ने गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज जोस बटलर का विकेट लेकेर आईपीएल में केकेआर के लिए अपने 100 विकेट पूरे किए। इसके बाद उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर को भी अपना शिकार बनाया।
साल 2020 में केकेआर के साथ अपना डेब्यू करने वाले चक्रवर्ती ने आईपीएल में अब तक 87 मैच खेले हैं। वह आईपीएल में केकेआर के लिए 100 विकेट लेने वाले कुल तीसरे खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले सुनील नरेन (196) और आंद्रे रसेल (122) यह कारनामा कर चुके हैं।















