मुंबई: संजू सैमसन (नाबाद 101) के शानदार शतक के बाद अकील हुसैन (4 विकेट) की घातक गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने आईपीएल 2026 के 23वें मुकाबले में गुरुवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) को 103 रन से करारी शिकस्त दी।
वानखेड़े स्टेडियम पर चेन्नई ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन बनाए और फिर मुंबई को 19 ओवर में 104 रन पर ढेर कर दिया।
IPL में CSK की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। वहीं, MI की आईपीएल इतिहास की अब तक की यह सबसे बड़ी हार है।
चेन्नई सुपर किंग्स की सात मैचों में यह तीसरी जीत है और टीम अब छह अंकों के साथ तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, मुंबई इंडियंस को सात मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है और वो तालिका में आठवें पायदान पर है।
चेन्नई से मिले 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई और अकील हुसैन के सामने उसके बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया। मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने 37, सूर्यकुमार यादव ने 36 रन बनाए। बाकी कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंकों में नहीं पहुंच पाया।
चेन्नई के लिए अकील हुसैन सबसे गेंदबाज रहे। हुसैन ने चार ओवर में एक मेडन रखते हुए सिर्फ 17 रन दिए और चार विकेट चटकाए। उनके अलावा नूर अहमद ने दो और मुकेश चौधरी ने एक विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले, टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का खराब प्रदर्शन इसी मुकाबले में भी जारी रहा। ऋतुराज 14 गेंदों का सामना करने के बाद 22 रन बनाकर आउट हुए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे सरफराज खान भी 8 गेंदों में 14 रन बनाने के बाद मिचेल सैंटनर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। शिवम दुबे भी 5 रन ही बना सके।
डेवाल्ड ब्रेविस 11 गेंदों में 1 चौका और 2 छक्कों की मदद से 21 रन बनाने के बाद अश्वनी कुमार का शिकार बने। कार्तिक शर्मा 19 गेंदों का सामना करने के बाद 18 रन ही बना पाए। जेमी ओवरटन 7 गेंदों में 15 रन बनाने के बाद आउट हुए। हालांकि, संजू सैमसन ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन का अपना दूसरा शतक लगाया।
संजू ने 54 गेंदों का सामना करते हुए 101 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के लगाए। गेंदबाजी में एमआई की ओर से अल्लाह गजनफर और अश्वनी कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि जसप्रीत बुमराह और सैंटनर ने एक-एक विकेट निकाला।















