मुंबई: पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की थी और टीम ने पिछले सीजन से चली आ रहे सीजन के पहले मैच में हारने के सिलसिले को तोड़ा था। लेकिन उसके बाद से टीम जीत की पटरी से नीचे उतर चुकी है और लगातार चार हार झेल चुकी है।
गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस को पंजाब किंग्स के हाथों सात विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि उनके पास अपने खराब प्रदर्शन पर कहने के लिए अधिक कुछ नहीं है और उन्हें बैठकर देखना होगा कि खामियां कहां हैं।
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस सीजन के 24वें मैच में मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए। मेजबान टीम की तरफ से क्विंटन डी कॉक ने 60 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 112 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली, जबकि नमन धीर ने 50 रन टीम के खाते में जोड़े।
इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 16.3 ओवरों में ही जीत दर्ज कर ली। इस टीम के लिए प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 13 बाउंड्री के साथ नाबाद 80 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर 35 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 66 रन बनाकर आउट हुए।
पंड्या ने मैच के बाद कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो मेरे पास कहने के लिए अधिक कुछ नहीं है। हमें बैठकर विचार करने की जरूरत है कि हम कहां पिछड़ रहे हैं- चाहे वह व्यक्तिगतखिलाड़ी हों, टीम हो, या हमारी योजना और काम करने का तरीका हो – और फिर इसे ठीक करना होगा।’’
पंड्या ने पंजाब किंग्स को जीत का श्रेय देते हुए कहा, ‘‘पंजाब किंग्स को इसका श्रेय जाता है। गेंद रिवर्स स्विंग करने लगी थी। दूसरी पारी में ओस भी गिरी। उन्होंने हमें हरा दिया। उनकी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण हमारे से बेहतर था। अब हमें यह देखना होगा कि क्या हमें कुछ कड़े फैसले लेने की जरूरत है या फिर हमें इसी तरह आगे बढ़ते हुए हालात को पलटने की कोशिश करनी चाहिए। हमें अपनी जिम्मेदारी खुद लेनी होगी।’’















