चेन्नई: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ आखिरकार फॉर्म में लौट आए हैं। गायकवाड़ ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 37वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ नाबाद 74 रन बनाए। उनकी शानदार पारी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने सात विकेट पर 159 रन का स्कोर बनाया।
रविवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी सीएसके की शुरुआत सही नहीं और चेन्नई सुपर किंग्स ने 37 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए। इनमें संजू सैमसन (11), उर्विल पटेल (4), सरफराज खान (0) और डेवाल्ड ब्रेविस (2) के विकेट शामिल थे।
लेकिन कप्तान गायकवाड़ ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने शिवम दुबे के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों में 59 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। दुबे 17 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान ने फिर कार्तिक शर्मा के साथ छठे विकेट के लिए 26 रन जोड़ते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। कार्तिक ने 9 गेंदों में 15 रन की पारी खेली।
गायकवाड़ ने पूरा किया छक्कों का ‘शतक’
गायकवाड़ 60 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों के साथ 74 रन बनाकर नाबाद रहे। गायकवाड़ ने अपनी पारी में चार छक्के लगाए और इसके साथ ही अब उन्होंने आईपीएल में 100 छक्के पूरे कर लिए हैं। वह चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से आईपीएल में छक्कों का शतक पूरा करने वाले चौथे बल्लेबाज बने हैं। सीएसके की ओर से उनसे पहले यह मुकाम एमएस धोनी (234 छक्के), सुरेश रैना (180 छक्के), और शिवम दुबे (105 छक्के) हासिल कर चुके हैं।
गुजरात टाइटंस की ओर से कगिसो रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि अरशद खान को 2 विकेट हाथ लगे। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।















