नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर (Ajit Agarkar) को लेकर कुछ दिन पहले ऐसी खबरें आई थी कि उन्होंने बीसीसीई से अपना कॉन्ट्रैक्ट आगे बढ़ाने की अपील की थी और अब ऐसी खबरें आ रही है कि बोर्ड ने अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट एक साल के लिए और आगे बढ़ा दिया है।
पिछले कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार, भारतीय टीम के साथ अगरकर का अनुबंध जून 2026 तक का है और अब कॉन्ट्रैक्ट आगे बढ़ाने के बाद वह 2027 वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम के चीफ सिलेक्टर बने रहेंगे।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अगरकर ने सेवा विस्तार नहीं मांगा था। एक चयनकर्ता जूनियर या सीनियर चयन समिति में चार साल तक और दोनों समितियों में मिलाकर कुल पांच साल तक काम कर सकता है इसलिए अजीत को नया अनुबंध दिया गया है, उसमें विस्तार नहीं किया गया।
अगरकर की अध्यक्षता में अक्टूबर 2023 से मार्च 2026 के बीच चुनी गई भारतीय टीम चार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची और इसमें से तीन में टीम ने खिताब जीता। भारतीय टीम इस दौरान दो टी20 विश्व कप और एक बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में सफल रहा और यह पहले से ही लगभग तय था कि उनका अनुबंध चौथे साल के लिए बढ़ाया जाएगा।
अपने कार्यकाल के दौरान समिति ने कई कड़े फैसले किए हैं जिनमें विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की प्रक्रिया को देखना और सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर करना शामिल है।
समिति ने एक साहसिक चयन फैसला भी लिया जिसमें टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को टी20 विश्व कप टीम से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी ईशान किशन को टीम में शामिल किया गया।

















