भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने देश को एक से बढ़कर एक कई शानदार क्रिकेटर दिए हैं। इन क्रिकेटरों में कुछ तो अपनी शानदार रिकॉर्ड के लिए फेमस रही हैं तो कुछ खिलाड़ियों ने कमाई के मामले में कई दिग्गजों को पीछे छोड़ा है। मिताली राज, झूलन गोस्वामी, हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना जैसी खिलाड़ियों ने सफल होने के लिए कड़ी मेहनत की है. वे अब अपनी प्रतिभा, क्रिकेट फैंस के सपोर्ट और ब्रांड एंडोर्समेंट के साथ अमीरों की लिस्ट में शामिल हो गई हैं. हम आपको भारत की टॉप-10 सबसे अमीर महिला क्रिकेटरों के बारे में बताते हैं।
- मिताली राज
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज भारत की टॉप-5 सबसे अमीर महिला क्रिकेटरों की लिस्ट में टॉप पर आती हैं। पूर्व कप्तान मिताली राज के नाम सभी फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। मिताली ने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 10,868 रन बनाए है, जोकि किसी भी महिला खिलाड़ी के द्व्रारा बनाया गया सबसे ज्यादा रन है। इसके अलावा मिताली के नाम महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा 93 अर्धशतक जड़ने का भी वर्ल्ड रिकॉर्ड है। मिताली की कप्तानी में भारतीय महिला टीम 2005 और 2017 के महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मिताली राज की कुल संपत्ति 40-45 करोड़ रुपये के आसपास है. 42 साल की होने के बाद भी मिताली ने अब तक शादी नहीं की है. क्रिकेट में असाधारण उपलब्धियों के लिए मिताली को 2003 में अर्जुन पुरस्कार, 2015 में पद्म श्री और 2021 में मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार (पहले राजीव गांधी खेल रत्न) से सम्मानित किया जा चुका है।
- स्मृति मंधाना
भारतीय टीम की स्टार ओपनर बैटर स्मृति मंधाना के नाम लिमिटेड ओवरों की क्रिकेट में कई रिकॉर्ड दर्ज है। वह वनडे इतिहास में एक साल में 1000 से अधिक रन बनाने वाली पहली खिलाड़ी हैं। मंधाना को दुनिया की अमीर महिला क्रिकेटरों में शुमार किया जाता है। वह भारत की भी टॉप अमीर क्रिकेटरों में शामिल की जाती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, मंधाना की कुल संपत्ति 34 करोड़ रुपये के आसपास है।
- हरमनप्रीत कौर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की मौजूदा कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम कई वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम है। वह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक मैच जीतने वाली कप्तान हैं। साथ ही उनकी कप्तानी में ही भारत ने अपना पहला महिला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता है। हरमनप्रीत कौर के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 8,000 से अधिक रन है। वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक लगाने वाली भारत की पहली महिला क्रिकेटर हैं। उन्होंने 2018 में यह उपलब्धि हासिल की थी। रिपोर्ट के अनुसार, हरमनप्रीत कौर की नेटवर्थ 23 से 26 करोड़ है। हरमनप्रीत कौर की आय का मुख्य स्रोत बीसीसीआई ग्रेड ए अनुबंध के तहत मिलने वाले ₹50 लाख के वार्षिक वेतन, मुंबई इंडियंस के साथ ₹1.8 करोड़ के डब्ल्यूपीएल अनुबंध और कई अन्य विज्ञापन सौदों से होती है।
- शेफाली वर्मा
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की धाकड़ ओपनर शेफाली वर्मा के नाम 22 वर्ष की उम्र से पहले सर्वाधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड है। अपनी विस्फोटक पारी के लिए मशहूर ओपनर शेफाली वर्मा भी कमाई के मामले में किसी से कम नहीं है। शेफाली ने हाल में महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत की खिताबी जीत में शानदार भूमिका निभाई थी। शेफाली वर्मा का नेटवर्थ करीब 11 करोड़ रुपये है। दिल्ली कैपिटल्स की इस खिलाड़ी का 2 करोड़ रुपये का डब्ल्यूपीएल अनुबंध है और सीईएटी टायर्स और बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ ब्रांड डील भी हैं।
- झूलन गोस्वामी
‘चकदाह एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर झूलन गोस्वामी के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 355 विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। उनके नाम वनडे में सबसे ज्यादा मेडन ओवर डालने का रिकॉर्ड कायम है। झूलन को क्रिकेट में उनके शानदार योगदान के लिए 2010 में अर्जुन पुरस्कार और 2012 में पद्मश्री से नवाजा जा चुका है। झूलन गोस्वामी का नेटवर्थ 8 करोड़ रुपये के आसपास है।
- दीप्ति शर्मा
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की धाकड़ ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के नाम कई शानदार रिकॉर्ड दर्ज है। वह महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं और 1,000 रन और 150 विकेट का ऐतिहासिक ‘डबल’ (दोहरा रिकॉर्ड) बनाने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर (पुरुष और महिला दोनों) हैं। ऑलराउंडर दीप्ति कुल संपत्ति लगभग 8 करोड़ रुपये आंकी गई है। महिला प्रीमियर लीग (WPL) में यूपी वॉरियर्स ने उन्हें 2.6 करोड़ रुपये में साइन किया था। वह प्यूमा और थम्स अप जैसे ब्रांडों का विज्ञापन भी करती हैं। साथ ही वह यूपी सरकार में डीएसपी की पद पर भी कार्यरत हैं।
- जेमिमा रोड्रिग्स
महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी संभाल रहीं स्टार बैटर जेमिमा रोड्रिग्स बीसीसीआई कॉन्ट्रैक्ट के अलावा डब्ल्यूपीएल अनुबंध और एचएमडी जैसे ब्रांडों के साथ एंडोर्समेंट सौदों से कमाई करती हैं। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो साल 2025 में जेमिमा की अनुमानित कुल संपत्ति ₹5 करोड़ थी।
- पूजा वस्त्रकार
तेज गेंदबाज ऑलराउंडर पूजा वस्त्रकार महिला प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस के लिए खेलती हैं। MI ने पूजा को 1.9 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह ओकले और फेयरप्ले स्पोर्ट्स जैसे ब्रांडों का प्रतिनिधित्व भी करती हैं। पूजा की कुल संपत्ति 3-5 करोड़ रुपये है।
- यास्तिका भाटिया
विकेटकीपर बैटर यास्तिका भाटिया पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यास्तिका भाटिया की कुल संपत्ति लगभग ₹1 करोड़ है।
- रेणुका सिंह ठाकुर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तूफानी तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर एडिडास और बीबा जैसी कंपनियों की ब्रांड एंबेसडर हैं। वह बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज थीं। रेणुका ने उस टूर्नामेंट में 11 विकेट चटकाए थे। इसके अलावा वह टी20 विश्व कप में पांच विकेट लेने वाली पहली भारतीय गेंदबाज बनीं। उभरती हुई तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर की कुल संपत्ति 80 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये के बीच है।














