अहमदाबाद: गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों के दम पर गुजरात टाइटंस नेगुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 42वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को चार विकेट से हरा दिया। गुजरात ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करते हुए बेंगलुरु के 19.2 ओवर में 155 रन पर ढेर कर दिया और फिर 15.5 ओवर में ही छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ ही गुजरात ने इस सीजन में बेंगलुरु से मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया है। गुजरात टाइटंस की नौ मैचों में यह पांचवीं जीत है और टीम के अब 10 अंकों के साथ अभी भी पांचवें नंबर पर ही कायम है। वहीं, बेंगलुरु को नौ मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा है और वो दूसरे नंबर पर है।
गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल टॉप स्कोरर रहे, जिन्होंने 18 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के लगाए। उनके अलावा जोस बटलर ने 19 गेंदों पर दो चौके और चार छक्कों की बदौलत 39 और राहुल तेवतिया ने नाबाद 27 रन बनाए।
बेंगलुरु के लिए भुवनेश्वर कुमार ने तीन, रोमारियो शेफर्ड ने दो और सुयाश शर्मा ने एक विकेट चटकाए।
इससे पहले, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के विरुद्ध जीत के लिए 156 रनों का टारगेट रखा। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी आरसीबी की टीम 19.2 ओवरों में 155 रन पर सिमट गई। इस टीम को जैकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 16 गेंदों में 34 रन की साझेदारी की।
जैकब बेथेल 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अगले ओवर में टीम ने विराट कोहली का विकेट भी खो दिया, जो 13 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी की टीम 3.2 ओवरों में 35 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो चुकी थी। यहां से देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान रजत पाटीदार के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 44 रन की साझेदारी की।
पाटीदार 15 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद पड्डिकल ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, दूसरे छोर पर जितेश शर्मा (1), टिम डेविड (9) और क्रुणाल पांड्या (4) उनका बखूबी साथ नहीं दे सके। सातवें विकेट के लिए पड्डिकल ने रोमारियो शेफर्ड के साथ 21 गेंदों में 30 रन जुटाए।
देवदत्त पड्डिकल 24 गेंदों में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। वेंकटेश अय्यर ने भुवेश्वर कुमार के साथ 9वें विकेट के लिए 30 गेंदों में 29 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। वेंकटेश ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 15 रन टीम के खाते में जोड़े।















