नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन (Heinrich Klaasen) इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और इसके बाद भी 34 साल के इस खूंखार बल्लेबाज का बल्ला आईपीएल 2026 में जमकर आग उगल रहा है। क्लासेन ने बुधवार, 29 अप्रैल को आईपीएल 2026 के मुकाबले में 30 गेंदों पर 65 रन की तूफानी पारी खेलकर सनराइजर्स हैदराबाद को शानदार जीत दिला दी।
क्लासेन की इस करिश्माई पारी को देखकर इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन काफी प्रभावित नजर आए। पीटरसन ने इस खिलाड़ी से अब संन्यास से वापस आने की अपील भी कर डाली है। उनका मानना है कि यह खिलाड़ी साउथ अफ्रीका का अधूरा सपना पूरा कर सकता है। पीटरसन ने कहा कि साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड को क्लासेन से 2027 में होने वाले वनडे विश्व वर्ल्ड कप के लिए नेशनल टीम में शामिल होने के लिए कहना चाहिए।
पीटरसन ने एक्स पर लिखा, “साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड की तरफ से हेनरिक क्लासेन को फोन करके पूछा जाना चाहिए कि क्या वह इंटरनेशनल क्रिकेट में वापस आ सकते हैं। वह अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप को जीतने में उनके लिए अहम खिलाड़ी बन सकते हैं।”
बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया था। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रयान रिकेल्टन के सिर्फ 55 गेंदों पर बनाए नाबाद 123 रन की मदद से 5 विकेट पर 243 रन बनाए थे।
एसआरएच ने 18.4 ओवर में 4 विकेट पर 249 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया। एसआरएच के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने तूफानी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 8.4 ओवर में 129 रन जोड़े। अभिषेक ने 24 गेंदों पर 45 और हेड ने 30 गेंदों पर 76 रन बनाए। एसआरएच को जीत तक ले जाने में क्लासेन का अहम योगदान रहा। क्लासेन ने 30 गेंदों पर नाबाद 65 रन बनाए।
आईपीएल 2026 में हेनरिक क्लासेन शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता रही है। क्लासेन 9 मैचों में 414 रन बना चुके हैं और टूर्नामेंट में फिलहाल दूसरे श्रेष्ठ स्कोरर हैं।















