नई दिल्ली: BWF थॉमस कप फाइनल्स 2026 में गुरुवार को खेला गया नॉकआउउट ड्रॉ होने के बाद भारतीय पुरुष टीम का सामना शुक्रवार तो क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे से होगा। साल 2022 की चैंपियन भारतीय टीम ने इस बार ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर रहकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है।
भारत ने इस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत जोरदार तरीके से करते हुए कनाडा को 4-1 से हराया। टीम ने इसके बाद ऑस्ट्रेलिया का 5-0 से शिकस्त दी लेकिन चीन को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद उसे 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। चीनी ताइपे ने हार के कगार पर पहुंचने के बावजूद, किसी तरह सबसे मुश्किल रास्ते से गुजरते हुए थॉमस कप के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
ग्रुप-सी के आखिरी मुकाबले में मेजबान डेनमार्क को हराना जरूरी था, जिन्हें सिर्फ एक मैच जीतना था, ऐसे में चीनी ताइपे ने बुधवार को अपनी दूसरी और तीसरी सिंगल्स की ताकत पर भरोसा किया, ताकि वे आगे बढ़ सकें।
डिफेंडिंग चैंपियन चीन, जो ग्रुप-ए में अजेय रहते हुए शीर्ष पर रहा, उसका मुकाबला मलेशिया से होगा। ग्रुप-बी के शीर्ष पर रहे जापान का मुकाबला फ्रांस से होगा, जिसने टूर्नामेंट से पहले के पसंदीदा और 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया को चौंकाने वाली हार दी थी। ग्रुप-सी में दूसरे स्थान पर रहने वाले मेजबान डेनमार्क का मुकाबला थाईलैंड से होगा।
साल 2022 में खिताब जीतने के अलावा भारतीय टीम ने 1952, 1955 और 1979 में कांस्य पदक भी अपने नाम किए हैं।


















