मुंबई: भारतीय मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इन दिनों आईपीएल 2026 में विकेट के लिए तरस रहे हैं। उनके रहते हुए भी मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 243 रन बनाने के बाद भी उसे डिफेंड नहीं कर पाई। बुमराह ने अपने 4 ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट लिए 54 रन लुटा दिए। आईपीएल करियर में बुमराह का यह तीसरा सबसे महंगा स्पेल था।
मुंबई की लगातार असफलता में बुमराह की असफलता भी एक कारण है। इस वजह से उनकी आलोचना हो रही है। आलोचनाओं के बीच इस सुपरस्टार गेंदबाज को अपनी टीम के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड का समर्थन मिला है।
पोलार्ड ने कहा, ‘‘जब कोई क्रिकेटर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा होता है तो हम हर उस पहलू पर गौर करते हैं कि वह अच्छा क्यों नहीं कर रहा है और जसप्रीत बुमराह के मामले में भी कोई फर्क नहीं है। उन्होंने वर्षों से ऐसा किया है। एक इंसान होने के नाते आपको भी गलतियां करने, दिन खराब होने, सत्र खराब होने या कुछ महीने खराब जाने का हक है। मुझे बस लगता है कि हमें कभी-कभी उन अच्छी चीजों को याद रखना चाहिए जो उन्होंने की हैं।’’
पोलार्ड ने कहा कि इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को थोड़ी राहत देने से उन्हें लंबे समय में फायदा भी हो सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि वह और भी ऊंचाइयों पर पहुंचकर जोरदार वापसी करेंगे और विकेट लेंगे और हम सब एक बार फिर ना सिर्फ मुंबई इंडियन्स के लिए बल्कि भारत के लिए भी ‘बुमराह-बुमराह’ के नारे लगा रहे होंगे।’’
पोलार्ड ने मुंबई के प्रदर्शन पर कहा, “प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। यह कुछ ऐसा है जिससे आप पीछे नहीं हट सकते। आप बैठकर इसकी हर छोटी-छोटी बात को समझने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन, फिर से, सब मिलाकर, मुझे लगता है कि हम उतने अच्छे नहीं रहे हैं। टीम ने भरोसा नहीं खोया है और बाकी टूर्नामेंट में चीजों को बदलने के लिए पक्का इरादा रखती है।”















