न्यू चंडीगढ़: आईपीएल 2026 का 40वां मैच मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला जा रहा है। महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में हो रहे इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके जवाब में पंजाब ने 4 विकेट पर 222 रन का स्कोर बना दिया।
पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने इस सीजन का अपना चौथा अर्धशकत जड़ा। इसके साथ ही प्रभसिमरन आईपीएल इतिहास में पंजाब किंग्स की तरफ से सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
प्रभसिमरन का आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए यह 12वां अर्धशतक था। साल 2019 में आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले प्रभसिमरन ने अब तक सभी 8 सीजन पंजाब किंग्स की तरफ से ही खेले हैं।
आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में केएल राहुल शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 25 बार यह कारनामा किया। वहीं, दूसरे पायदान पर मौजूद शॉन मार्श ने 21 बार ऐसा किया। क्रिस गेल (11) इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं।
प्रभसिमरन सिंह ने प्रियांश आर्य के साथ पहले विकेट के लिए 2.5 ओवरों में 37 रन की साझेदारी की। प्रियांश 11 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 29 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 गेंदों में 59 रन जुटाए। कूपर 14 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों के साथ 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
टीम ने 8.2 ओवरों में 96 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद प्रभसिमरन ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ 34 गेंदों में 48 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। प्रभसिमरन 44 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 59 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि अय्यर ने 30 रन की पारी खेली।
इन खिलाड़ियों के पवेलियन लौटने के बाद मार्कस स्टोइनिस (22 गेंदों में नाबाद 62 रन) ने सूर्यांश हेगड़े (नाबाद 3) के साथ 12 गेंदों में 41 रन जुटाकर टीम को 222/4 के स्कोर तक पहुंचाया।















