लंदन: इंग्लैंड ने अगले महीने 12 जून से शुरू होने जा रही आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को एक्स पर इसकी जानकारी दी। इस टूर्नामेंट के लिए इंग्लैंड टीम की कप्तानी नेट सिवर-ब्रंट के हाथों में होगी और वह सातवें टी20 वर्ल्ड कप में टीम की कमान संभालेंगी।
बाएं हाथ की 18 वर्षीय अनकैप्ड स्पिन गेंदबाज टिली कोर्टीन-कोलमैन को पहली बार इंग्लिश टीम में जगह दी गई है। वहीं, चार्ली डीन उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। इस्सी वोंग और लॉरेन फाइलर को भी टीम में जगह दी गई है, जो अपने करियर का पहला टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगी। उंगली की चोट से उबर रहीं सारा ग्लेन को टीम में शामिल नहीं किया गया है।
टिली कोलमैन सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन के साथ मिलकर इंग्लैंड के स्पिन अटैक को मजबूती प्रदान करेंगी। टिली कोलमैन का प्रदर्शन हाल ही में हुए ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट में शानदार रहा था। उन्होंने 9 मुकाबलों में 5.75 के शानदार इकोनॉमी रेट से 11 विकेट चटकाए थे। टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई यही इंग्लैंड टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज में भी हिस्सा लेगी।
महिला टी20 विश्व कप के लिए इंग्लैंड की टीम: नेट साइवर-ब्रंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, डैनी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, लिंसी स्मिथ, इस्सी वोंग और डैनी वायट-हॉज।















