जयपुर: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग आईपीएल 2026 में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने आठ मैचों में 112.82 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 88 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 20 है। उनके खराब फॉर्म को लेकर अब टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ का बयान सामने आया है।
राठौड़ ने शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों मिली हार के बाद कहा कि कप्तान का निराशाजनक प्रदर्शन चिंता का विषय नहीं है और उम्मीद जताई कि वह जल्द ही बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहेंगे। राठौड़ ने पत्रकारों से कहा, ‘‘उसकी बल्लेबाजी में कोई खामी नहीं है। वह अभ्यास के दौरान अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है। वह कड़ी मेहनत कर रहा है।’’
राठौड़ ने कहा, ‘‘कभी-कभी खेल में ऐसा ही होता है। कभी-कभी आप ऐसे दौर से गुजरते हैं जहां आप उतने रन नहीं बना पाते जितने बनाना चाहते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि यह खेल का हिस्सा है। वह वापसी करेगा और मजबूत वापसी करेगा। मुझे पूरा यकीन है। हम उसकी बल्लेबाजी को लेकर चर्चा कर रहे हैं।’’
वैभव सूर्यवंशी (234 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 357 रन), यशस्वी जायसवाल (153 के स्ट्राइक रेट से 255 रन) और ध्रुव जुरेल (130 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 232 रन) के शानदार प्रदर्शन के सामने रियान का प्रदर्शन फीका पड़ जाता है। वह रवींद्र जडेजा (132) और डोनोवन फरेरा (130) से भी पीछे हैं।















