नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स लीग के 19वें सीजन के बाकी बचे मैचों के लिए इंग्लैंड के बेन डकेट की जगह उनके ही हमवतन गेंदबाजी ऑलराउंडर रेहान अहमद को अपनी टीम में शामिल किया है। फ्रेंचाइजी ने गुरुवार को एक्स पर इसकी जानकारी दी।
डकेट ने अंतरराष्ट्रीय करियर पर ध्यान देने और अपने शारीरिक तथा मानसिक बोझ को मैनेज करने के लिए आईपीएल 2026 से नाम वापस ले लिया है।
डकेट की जगह दिल्ली कैपिटल्स में शामिल किए गए रेहान इंग्लैंड के लिए टेस्ट मैच खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। उन्होंने दिसंबर 2022 में कराची में 18 साल और 126 दिन की उम्र में डेब्यू किया था।
आईपीएल ने बयान में कहा कि दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के बाकी बचे मुकाबलों के लिए बेन डकेट की जगह रेहान अहमद को चुना है।
दाएं हाथ के लेग स्पिनर रेहान ने इंग्लैंड के लिए पांच टेस्ट, नौ वनडे और 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और 49 अंतरराष्ट्रीय विकेट लिए हैं। वह 75 लाख रुपये में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ेंगे।















