लखनऊ: लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम आईपीएल 2026 में लगातार चार हार झेल चुकी है। टीम को बुधवार को अपने घर में राजस्थान रॉयल्स के हाथों 40 रनों से हार का सामना करना पड़ा। सात मैचों में पांच हार के बाद लखनऊ की टीम इस समय अंकतालिका में सातवें नंबर पर है।
राजस्थान के खिलाफ मैच में लखनऊ की टीम 160 रन भी चेज नहीं कर पाई और 119 रन पर ढेर हो गई। इस हार के बाद लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत काफी निराश नजर आए। उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी टीम पिच को सही ढंग से पढ़ने में विफल रही।
पंत ने मैच के बाद कहा, ” मेरे पास कोई जवाब नहीं है। बल्लेबाजी ने हमें निराश किया। हम एक टीम और समूह के रूप में निराश हैं। आपको जवाब बाहर नहीं, अंदर ढूंढने होंगे। बल्लेबाजी के दौरान हमें थोड़ा समय लेना चाहिए था। कोई बहाना नहीं है। मुझे खुद भी पारी को गहराई तक ले जाना चाहिए था। एक बल्लेबाजी इकाई के रूप में हमें जिम्मेदारी लेनी होगी।”
पंत ने मोहम्मद शमी की गेंदबाजी को मैच का सकारात्मक पहलू बताया। उन्होंने कहा, “हमें सकारात्मक चीजों पर ध्यान देना होगा और अंदर झांकना होगा। हमारे पास अब भी सत्र में सकारात्मक परिणाम हासिल करने की क्षमता है।”
पंत का बल्ला बुधवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी खामोश रहा। पंत बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। एलएसजी को इस सीजन की लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा। पंत ने आईपीएल 2026 में खेली 7 पारियों में 132.43 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 147 रन बनाए हैं।
आईपीएल 2026 में पंत की खराब फॉर्म चर्चा का विषय बन गई है। इस सीजन 7 मुकाबलों में वह एक बार ही पचास का आंकड़ा पार कर सके हैं।















