नई दिल्ली: आस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आईपीएल 2026 में खेलने के लिए तैयार हैं। स्टार्क को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने दुनिया की इस सबसे महंगी क्रिकेट लीग में खेलने की अनुमति मिल गई है।
बाएं हाथ कें तेज गेंदबाज स्टार्क ने कोहनी और कंधे में चोट के कारण जनवरी से कोई मैच नहीं खेला है और इस कारण वह आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों से भी बाहर थे। स्टार्क ने आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 11 मैचों में 14 विकेट चटकाए थे।
क्रिकेट डॉट कॉम एयू के अनुसार, ‘‘उम्मीद है कि स्टार्क भारत में अब कड़ा अभ्यास करेंगे। वह दिल्ली के राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक मई को होने वाले मैच में खेलने की राह पर हैं, जो उनका आईपीएल के वर्तमान सत्र में अपना पहला मैच होगा।” रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि वह शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ सकते हैं।
हाल में स्टार्क के आईपीएल 2026 से बाहर रहने की सोशल मीडिया पर आलोचना हुई थी, जिसपर स्टार्क ने अपना पक्ष रखा था।
स्टार्क ने लिखा था, “भारतीय मीडिया में और उसके जरिए कुछ लोगों की राय और विचारों के बावजूद, मैं अभी अपने कंधे और कोहनी की चोट का रिहैब और प्रबंधन कर रहा हूं, जिसके बारे में मुझे ऑस्ट्रेलियाई गर्मियों के दौरान पता नहीं था कि वह कितनी गंभीर है। इन लोगों ने आईपीएल में शामिल होने को लेकर कुछ कड़े बयान दिए हैं और खिलाड़ियों के बारे में बहुत गलत राय दी है, उन्हें सच बताकर पेश किया है, और दावा किया है कि वे मेरे शरीर को मुझसे बेहतर जानते हैं।”
दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल 2026 में 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार के साथ 6 अंक लेकर अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है।















