अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस को सोमवार को अपने घर में मुंबई इंडियंस के हाथों 99 रनों से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद गुजरात अंकतालिका में छठे नंबर पर खिसक गई है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने तिलक वर्मा (45 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों से नाबाद 101 रन) के नाबाद शतक और उनकी कप्तान हार्दिक पंड्या (15 रन, 16 गेंद, एक चौका) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 और नमन धीर (45) के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी से पांच विकेट पर 199 रन बनाए।
इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम अश्वनी कुमार (24 रन पर चार विकेट), अल्लाह गजनफर (17 रन पर दो विकेट) और मिचेल सेंटनर (16 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 15.5 ओवर में 100 रन पर सिमट गई।
गिल ने मैच के बाद कहा, ‘” ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि हमने बीच के ओवरों में बहुत ज्यादा रन दे दिए। ऐसी पिच पर 160 से 170 रन का स्कोर प्रतिस्पर्धी होता। यह एक झटका था लेकिन अब हमें कुछ मैच विरोधियों के मैदान पर खेलने हैं और उम्मीद है कि हम जीत की राह पर वापस लौटेंगे।’’
उन्होंने कहा, ” मुझे लगता है कि पिच थोड़ी धीमी थी। मुझे नहीं लगता कि हमने सही जगह पर गेंदबाजी की। लेंथ गेंदों में से कुछ तो अच्छी तरह आ रही थीं लेकिन कुछ नहीं। हम लगातार उस लेंथ पर गेंदबाजी नहीं कर पाए। मुझे लगता है कि बल्लेबाजी और बेहतर हो सकती थी क्योंकि ओस पड़ रही थी।”















