अहमदाबाद: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 30वां मैच मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जा रहा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहे इस मैच में मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट पर 199 रन का स्कोर बना डाला। मुंबई को इस स्कोर तक पहुंचाने में तिलक वर्मा का अहम योगदान रहा, जिन्होंने 45 गेंदों पर शतक जड़कर एक नया इतिहास रच दिया।
MI के लिए सबसे तेज शतक
तिलक ने 45 गेंदों पर 101 रन की अपनी नाबाद शतकीय पारी में 7 छक्के और 8 चौके लगाए। यह आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस की तरफ से बनाया गया संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक भी है। तिलक वर्मा ने इस मामले में सनथ जयसूर्या की बराबरी कर ली है, जिन्होंने साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध 45 गेंदों में शतक पूरा किया था।
मुंबई की टीम एक समय 96 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो चुकी थी। यहां से तिलक वर्मा ने कप्तान हार्दिक पांड्या (15) के साथ पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 81 रन जुटाए। इस साझेदारी ने टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से सबसे तेज शतकों के मामले में कैमरून ग्रीन दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 47 गेंदों में यह कारनामा किया था। सूर्यकुमार यादव साल 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 49 गेंदों में यह कारनामा कर चुके थे।
तिलक वर्मा ने अपनी पारी की शुरुआती 22 गेंदों पर महज 19 रन बनाए थे, लेकिन अगली 23 गेंदों पर उन्होंने 82 रन कूट डाले। तिलक आईपीएल मैच की एक पारी में डेथ ओवर्स (16-20) के दौरान सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 16-20 ओवरों के बीच 18 गेंदों में 65 रन जुटाए।















