नई दिल्ली: अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान (Shapoor Zadran) इस समय एक गंभीर जानलेवा बीमारी से जूझ रहे हैं। शापूर के छोटे भाई गमार जादरान ने बताया कि शापूर को एक दुर्लभ और जानलेवा बीमारी हेमोफैगोसिटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (Hemophagocytic Lymphohistiocytosis) होने का पता चला है।
38 साल के शापूर इस साल जुलाई में 39 साल के हो जाएंगे। वह इस समय नई दिल्ली के एक अस्पताल के आईसीयू में एडमिट हैं, जहां वह जनवरी में आए थे। गमार ने बताया कि उनके भाई को सबसे पहले पिछले साल अक्टूबर में अस्वस्थ महसूस हुआ था और बाद में अफगानिस्तान के डॉक्टरों ने उन्हें इलाज के लिए भारत जाने की सलाह दी थी।
गमार ने ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ से कहा, ” यह एक बहुत ही गंभीर संक्रमण था। उनके पूरे शरीर में संक्रमण था जिसमें टीबी (तपेदिक) भी शामिल था। यह उनके दिमाग तक भी फैल गया था जिसका पता एमआरआई और सीटी स्कैन के बाद चला।”
शापूर ने शुरू में इलाज पर अच्छी प्रतिक्रिया दी थी और उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई थी लेकिन 20 दिन के बाद उन्हें फिर से समस्या हुई। गमार ने कहा, ‘‘डॉक्टर ने कहा था कि हम नियमित जांच के लिए आते रहें। उन्हें (शापूर को) लगभग 20 दिन तक अच्छा महसूस हुआ जिसके बाद उन्हें फिर से संक्रमण हो गया। तब हमने उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया।’’
किस जानलेवा बीमारी से जूझ रहे शापूर जादरान?
दुर्लभ और जानलेवा बीमारी हेमोफैगोसिटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस मुख्य रूप से बच्चों को प्रभावित करने वाला ‘एचएलएच’ एक ऐसी बीमारी है जिसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली काफी कमजोर हो जाती है। मरीज को प्रतिरक्षा प्रणाली की अत्यधिक सक्रिय प्रतिक्रिया के कारण शरीर में बहुत अधिक सूजन का सामना करना पड़ता है जिससे शरीर के ऊतकों को नुकसान पहुंचता है जिसमें बोन मैरो, यकृत, स्प्लीन और लिम्फ नोड्स शामिल हैं।
राशिद खान ने भारत का वीजा दिलाने में मदद की
शापूर के वीजा की प्रक्रिया काफी जल्दी पूरी करवाई गई। इसमें राशिद खान और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के चेयरमन मीरवाइज अशरफ ने भारत में अपने संपर्कों का इस्तेमाल किया, जहां अशरफ ने आईसीसी चेयरमैन जय शाह से बात की वहीं राशिद खान ने फ्रैंचाइजी सर्किट में अपने संपर्कों का इस्तेमाल किया। शापूर के साथ उनकी पत्नी और अफगानिस्तान की टीम में उनके साथी रहे असगर अफगान भी हैं।
शापूर ने अफगानिस्तान के लिए 80 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसमें 44 वनडे इंटरनेशनल और 36 टी20 इंटरनेशनल मैच रहे. साल 2009 से 2020 के बीच खेले इन मैचों में उन्होंने अपनी टीम के लिए 80 ही विकेट लिए हैं।
















