हैदराबाद: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre Injury Update) का आईपीएल 2026 के आगे बाकी बचे मैचों में खेलना तय नहीं लग रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान म्हात्रे की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था। इस मैच में इंपैक्ट प्लेयर के रूप में खेलने उतरे थे, लेकिन चोटिल होने के कारण वह काफी परेशानी में दिख रहे थे।
CSK के बैटिंग कोच माइक हसी ने मैच के बाद कहा, ‘‘उसकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया है। अभी मुझे नहीं पता कि चोट कितनी गंभीर है। हम कल या परसों उसका स्कैन करवाएंगे। दुर्भाग्य से स्थिति काफी खराब दिख रही है। उसका बाहर होना हमारे लिए बहुत बड़ा नुकसान होगा क्योंकि वह बहुत अच्छी फॉर्म में है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह एक प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी है, लेकिन इससे किसी और को मौका मिलेगा। इसलिए यह भी रोमांचक है। हमारे पास कुछ बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं जिन्हें अभी तक मौका नहीं मिल पाया है। इसलिए उनमें से किसी एक के लिए यह शानदार होगा।’’
आमतौर पर हैमस्ट्रिंग में खिंचाव से उबरने में छह महीने तक का समय लग सकता है। म्हात्रे ने इस सत्र में अभी तक 177.87 के स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए हैं। हसी ने हालांकि कहा कि यह टीम के अन्य खिलाड़ियों के लिए मौका होगा।
पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम फिलहाल छह मैचों में दो जीत के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। टीम को अपना अगला मुकाबला 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना है।















