मुंबई: मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल 2026 का 24वां मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते डी कॉक के नाबाद शतक के दम पर छह विकेट पर 195 रन बनाए। मैच में हालांकि डीकॉक के शतक से ज्यादा श्रेयस अय्यर और जेवियर बॉर्टलेट के रिले कैच की काफी वाहवाही हो रही है।
कैच ऑफ द टूर्नामेंट!
श्रेयस अय्यर-जेवियर बार्टलेट के इस कैच को कैच ऑफ द टूर्नामेंट कहा जा रहा है। दरअसल, मुंबई इंडियंस की पारी के 18वें ओवर में मार्को यानसेन गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की तीसरी बॉल पर मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज हार्दिक पांड्या ने जोरदार शॉट लगाया। लेकिन उनका बल्ला हाथ से छूट गया और इसके बाद भी गेंद छह रन के लिए जा रही थी।
लेकिन लॉन्ग ऑन बाउंड्री लाइन पर श्रेयस अय्यर ने हवा में जबरदस्त छलांग लगाकर गेंद को अंदर की तरफ फेंका और बार्टलेट उस समय वहीं पर खड़े थे और उन्होंने कैच लेने में कोई गलती नहीं की। श्रेयस अय्यर-जेवियर बार्टलेट के इस रिले कैच को देखकर मैदान में मौजूद दर्शकों के साथ-साथ मुंबई इंडियंस के खेमे में बैठे रोहित शर्मा और सूर्य कुमार यादव को भी हैरान रह गए। इस कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर अब खूब वायरल हो रहा है।
पंजाब किंग्स को मिला 196 रन का टारगेट
इस मैच में मुंबई इंडियन्स ने छह विकेट पर 195 रन बनाए। इस सीजन अपना पहला मैच खेल रहे डिकॉक ने 60 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों से नाबाद 112 रन की पारी खेली। उन्होंने नमन धीर (50 रन, 31 गेंद, तीन चौके, तीन छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए उस समय 122 रन की साझेदारी की जब टीम तीसरे ओवर में 12 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में थी.
पंजाब की तरफ से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए। अर्शदीप ने इस मैच में आईपीएल में 100 विकेट का आंकड़ा भी पार कर लिया।















