बेंगलुरु: महान बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपने बल्ले से लगातार आग उगल रहे हैं। किंग कोहली ने बुधवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 23वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच में अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।
RCB ने पहली बार अपने घर में LSG को हराया
RCB ने इस मैच में लखनऊ को पांच विकेट से हरा दिया। बेंगलुरु ने पहली बार अपने घर में लखनऊ को मात दी। बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए लखनऊ को 146 रन पर समेट दिया और 15.1 ओवर में ही पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत से बेंगलुरु की टीम पांच मैच में चार जीत से आठ अंक के साथ अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गई है।
लखनऊ से मिले 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु के लिए कोहली की 34 गेंद में छह चौकों और एक छक्के से 49 रन की पारी खेली। आईपीएल के इतिहास में वह पहली बार 49 रन के स्कोर पर आउट हुए हैं। अर्धशतक से चूकने के बाद भी कोहली के नाम एक विराट रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
बतौर ओपनर सबसे ज्यादा छक्का लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज
37 साल के कोहली आईपीएल में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा छक्का लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। विराट के नाम आईपीएल में अब बतौर ओपनर कुल 185 छक्के हो गए हैं। इस लिस्ट में केएल राहुल दूसरे नंबर पर है। राहुल के नाम आईपीएल में बतौर ओपनर 184 छक्के हैं।
क्रिस गेल पहले नंबर पर
आईपीएल के इतिहास में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा छक्का लगाने का रिकॉर्ड वैसे तो विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है। गेल ने बतौर ओपनर आईपीएल में 326 छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर का नाम दूसरे नंबर पर हैं। वॉर्नर के नाम आईपीएल में बतौर ओपनर 210 छक्के हैं।















