नई दिल्ली: दो बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बैडमिंटन स्टार विक्टर एक्सेलसन ने महज 32 साल की उम्र में संन्यास की घोषणा कर दी है। डेनमार्क के दिग्गज विक्टर एक्सेलसन ने बुधवार को रिटायरमेंट का ऐलान किया। उनके नाम ओलंपिक में सबसे ज्यादा पदक जीतने का रिकॉर्ड है।
2010 में किया था डेब्यू
विक्टर एक्सेलसन ने साल 2010 में अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो बार (2017 और 2022) खिताब जीते और ऐसा करने वाले वह सिर्फ दूसरे नॉन-एशियन खिलाड़ी बने। विक्टर ने अपने करियर में तीन बार यूरोपियन चैंपियनशिप का खिताब और एक बार थॉमस कप भी अपने नाम किया।
ओलंपिक में सबसे ज्यादा पदक जीतने वाले खिलाड़ी
विक्टर के नाम ओलंपिक के इतिहास में सबसे ज्यादा पदक जीतने वाले पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड है। उन्होंने टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के अलावा रियो ओलंपिक 2016 में भी कांस्य पदक हासिल किया था।
इस वजह से बैडमिंटन को कहा अलविदा
विक्टर पिछले कुछ समय से पीठ की समस्या से जूझ रहे थे। उन्होंने साल अक्तूबर के बाद से कोई भी मैच नहीं खेला है। चोट के कारण वह इस साल की शुरुआत में इंडिया ओपन और जर्मन ओपन में खिताब जीतने के बाद कोर्ट से बाहर रहे थे।
एक्सेलसन ने ‘बैडमिंटन यूरोप’ से कहा, ” जैसा कि अधिकतर लोग जानते हैं कि मैं काफी समय से अपनी पीठ की समस्या से जूझ रहा हूं। पिछले साल अप्रैल में सर्जरी कराने और लंबे समय तक ‘रिहैबिलिटेशन’ से गुजरने के बाद दुर्भाग्य से अक्टूबर में यह दर्द फिर से उबर गया। दर्द के कारण मैं खेल नहीं पा रहा हूं और अभ्यास भी नहीं कर पा रहा हूं। इस कारण मुझे यह बेहद मुश्किल फैसला लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।”



















