नई दिल्ली: आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (RR) के बिकने के बाद अब एक और टीम के बिकने खबरें सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो राजस्थान के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) भी बिकने वाली है। यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) ने इसकी घोषणा की है। उसने बताया कि आदित्य बिरला ग्रुप, द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन के साथ मिलकर उसने 16,660 करोड़ रुपये (1.78 अरब डॉलर) का सौदा किया है।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि ग्रुप ने यूएसएल के साथ फ्रेंचाइजी में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का समझौता कर लिया है, जिसमें आरसीबी की पुरुष और महिला दोनों टीमों को शामिल किया गया है।
नई मालिकाना संरचना के तहत, आदित्य बिड़ला ग्रुप के निदेशक आर्यमन विक्रम बिड़ला चेयरमैन का पद संभालेंगे, जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सत्यन गजवानी वाइस चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार, इस कंसोर्टियम में बोल्ट वेंचर्स के संस्थापक डेविड ब्लिट्जर और बीएक्सपीई के सीईओ वायरल पटेल भी शामिल हैं। आरसीबी की महिला और पुरुष टीम दोनों के पास खिताब है। महिला टीम के पास दो और पुरुष टीम के पास एक खिताब है।
कौन हैं RCB के नए मालिक?
आरसीबी के नए चेयरमैन के बारे में कहा जा रहा है कि वह मौजूदा टीम के कप्तान रजत पाटीदार के साथ भी खेल चुके हैं और उनका नाम आर्यमन बिड़ला हैं। वह आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे हैं। आर्यमन एक क्रिकेटर रहे हैं और घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश की तरफ से खेले हैं। आर्यमन को 2018 की आईपीएल नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था।
मध्य प्रदेश से ही आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार भी खेलते हैं। आर्यमन और पाटीदार मध्यप्रदेश के लिए एक साथ पारी की शुरुआत कर चुके हैं। आर्यमन मध्य प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए दोनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं। उन्होंने 9 प्रथम श्रेणी मैचों में 414 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक शामिल है।
—


















