नई दिल्ली: भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपनी पावरहिटिंग शॉट के जाने जाते हैं। आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे अभिषेक इस लीग में तूफानी प्रदर्शन कर रहे हैं। वह आईपीएल 2026 में आठ मैचों में 212.29 की स्ट्राइक रेट और 54.29 की औसत से अब तक 380 रन बना चुके हैं। अभिषेक को इस मुकाम तक पहुंचाने में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह का अहम योगदान रहा है।
25 साल के अभिषेक ने अब खुद अपने आदर्श युवराज सिंह के साथ ट्रेनिंग करने के अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें एक मज़बूत मानसिकता बनाने में मदद की, जिसका मकसद टीम इंडिया में अच्छा प्रदर्शन करना है.
जिओस्टार पर बात करते हुए अभिषेक ने “युवी पाजी (युवराज सिंह) के साथ ट्रेनिंग करना मेरे लिए एक बहुत बड़ा पल था। मैं बचपन से ही उन्हें अपना आदर्श मानता हूं। वह मेरे हीरो हैं। उन्होंने शुरुआत में मुझे कुछ सलाह दी थी, लेकिन हमारे पास साथ बिताने के लिए ज़्यादा समय नहीं था। मुझे लगता है कि युवी पाजी ने इसे कुछ खिलाड़ियों के साथ करीब से काम करने के एक मौके के तौर पर देखा।”
उन्होंने आगे कहा, ” जब हमारा कैंप शुरू हुआ, तो उन्होंने कुछ ऐसा कहा जिसने सचमुच मेरी सोच बदल दी। उन्होंने मुझसे कहा कि जो ट्रेनिंग और मानसिकता हम विकसित कर रहे थे, वह सिर्फ घरेलू क्रिकेट या आईपीएल के लिए नहीं थी, न ही सिर्फ भारत के लिए कुछ मैच खेलने के लिए। उन्होंने कहा कि वह मुझे मानसिक रूप से भारत के लिए बड़े मैच जीतने, प्रभावशाली पारियां खेलने और सबसे अहम मौकों पर गेंद से कमाल दिखाने के लिए तैयार कर रहे थे।”
बाएं हाथ का यह बल्लेबाज आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रेविस हेड के साथ ओपनिंग करते हैं।
ट्रेविस हेड से सीखने के बारे में उन्होंने कहा, ” मैंने ट्रैविस हेड्स के खेल को एसआरएच में शामिल होने से डेढ़ साल पहले से ही देखा है। जब वह मेरे साथी खिलाड़ी बने तो मुझे बहुत खुशी हुई। मैंने उनसे सबसे पहले उनकी बल्लेबाजी की मानसिकता के बारे में पूछा। मैं तीनों फॉर्मेट में उनके प्रदर्शन और गेंदबाजी पर उनके दबदबे की तारीफ करता हूं।”
भारतीय ओपनर ने कहा, ‘उन्होंने मुझे बताया कि उनका प्लान हमेशा सिंपल रहता है- ‘ गेंद को ध्यान से देखो, और अगर तुम्हें लगे कि तुम पहली गेंद पर शॉट लगा सकते हो, तो लगा दो। मैंने आईपीएल से पहले अपने अभ्यास में उनकी सलाह का पालन किया। अब, अगर गेंद मेरे पाले में आती है, तो मैं पहली ही गेंद पर शॉट लगाने की कोशिश करता हूं।”















